Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

उत्तराखंड: बागेश्वर में महिलाओं को जंगल की आग से निपटने की ट्रेनिंग दी जा रही है

उत्तराखंड वन विभाग ने महिलाओं को जंगल की आग से निपटने के लिए ट्रेनिंग देने का अभियान शुरू किया है। गर्मियों में हर साल जंगल में आग लगने से लोगों की जिंदगी तबाह हो जाती है। बागेश्वर में वन विभाग हंस फाउंडेशन की मदद से महिलाओं को जंगल में आग लगने की स्थिति में क्या करना है, इसकी ट्रेनिंग दे रहा है।

ट्रेनिंग के बाद इन महिलाओं का पांच लाख रुपये का बीमा भी कराया जाएगा और सुरक्षा किट भी दी जाएगी। बागेश्वर जिले में हर साल आग लगने से भारी मात्रा में वन संपदा नष्ट हो रही है, ऐसे में महिलाओं के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम में काफी लोग शामिल हो रहे हैं।

पर्यावरण पर पड़ने वाले असर के अलावा वहां रहने वाले लोगों की रोजी-रोटी पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। आग पर काबू पाने की ट्रेनिंग का मकसद ये पक्का करना है कि आग न फैले और जहां आग लगे, वहीं उसे बुझा दिया जाए।

जिले के 200 गांवों की 1100 महिलाओं को ट्रेनिंग के लिए चिन्हित किया गया है। शुरुआत में सात गांवों की महिलाओं को ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके बाद चिन्हित की गई बाकी सभी महिलाओं को भी ट्रेनिंग दी जाएगी।