दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राज्य जानबूझकर पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए कदम नहीं उठा रहे हैं, ताकि इसका असर दिल्ली में दिखाई दे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और एनसीआर के पड़ोसी राज्य मिलकर प्रदूषण से निपटने के लिए काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए सभी राज्यों को मिलकर प्रयास करने होंगे। एनसीआर के राज्यों के बीच साझा मंच पर लगातार चर्चा हो रही है और पड़ोसी राज्यों ने पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, कुछ राज्य कार्रवाई करने के इच्छुक नहीं हैं।
सीएम ने प्रदूषण कम करने के लिए 360 डिग्री रणनीति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में स्वच्छ ऊर्जा, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और जैव ईंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है। दिल्ली का सार्वजनिक परिवहन बेड़ा पूरी तरह इलेक्ट्रिक किया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य 2029 तक राजधानी में 14 हजार इलेक्ट्रिक बसें चलाने का है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खुले में कचरा जलाने और गोबर के निपटारे की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली में तीन बड़े बायोगैस प्लांट स्थापित किए गए हैं। इनमें गोबर से ऊर्जा तैयार की जा रही है। इसके साथ ही सरकार ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए भी काम कर रही है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाए गए हैं और रिज क्षेत्र को वन क्षेत्र घोषित किया गया है। प्रदूषण कम करने के लिए धूल नियंत्रण और हरित क्षेत्रों के संरक्षण पर भी काम किया जा रहा है।
वहीं, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी पंजाब की AAP सरकार पर प्रदूषण बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के बठिंडा में AQI का स्तर 1100 तक पहुंच गया है। सिरसा ने कहा कि पंजाब में बढ़ रहा प्रदूषण पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली तक पहुंच सकता है।
इस बीच, बुधवार सुबह दिल्ली की हवा बेहद खराब रही। सुबह 7:41 बजे राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 605 दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।