मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां के चरणों में शीश झुकाकर आरती उतारी और स्वस्थ, समृद्ध व खुशहाल उत्तर प्रदेश के लिए प्रार्थना की।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने नवरात्रि और दशहरा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां पाटेश्वरी के दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में प्रशासन, पुलिस और मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सीएम योगी ने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ और हरा चारा

मां पाटेश्वरी के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री गोशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संतों से भी मुलाकात की। कार्यक्रम में महंत मिथिलेश नाथ योगी भी मौजूद रहे।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने रात में देवीपाटन मंदिर परिसर में विश्राम किया और रविवार सुबह शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां पाटेश्वरी के दर्शन किए।
