Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

अखिलेश के बुलडोजर एक्शन पर सवाल से भड़के नरेंद्र कश्यप, दिनेश प्रताप सिंह ने PDA पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के सवालों पर योगी सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पलटवार किया है। वहीं, राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर निशाना साधा।

बुलडोजर कार्रवाई पर नरेंद्र कश्यप का पलटवार

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि अपराधियों की हिमायत करने वाले लोग बुलडोजर कार्रवाई से पीड़ित होते हैं। एनकाउंटर को लेकर उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर जानलेवा हमला करता है या पुलिसकर्मी को मारने की कोशिश करता है तो पुलिस जवाबी कार्रवाई करती है।

कश्यप ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जब वह अपराधियों के प्रति हमदर्दी दिखाते हैं तो इससे लगता है कि समाजवादी पार्टी ने अपनी कथित आपराधिक प्रवृत्ति नहीं छोड़ी है। उन्होंने दंगा, हत्या और परिवारवाद को लेकर भी अखिलेश यादव पर हमला बोला।

PDA को लेकर दिनेश प्रताप सिंह का निशाना

राज्यसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव के ‘मिलन’ वाले बयान पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए यह चुनाव मिलन के बजाय बिछोह का समय साबित हो रहा है।

उन्होंने सपा के PDA फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछड़ा, दलित और मुस्लिम समाज राज्यसभा चुनाव में प्रतिनिधित्व की उम्मीद कर रहा था, लेकिन सपा की ओर से दो नामों की घोषणा के बाद इन वर्गों में निराशा का माहौल है।

दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि इससे पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज का समाजवादी पार्टी से मोहभंग हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चिंतित हैं और दावा किया कि अब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज सपा के साथ नहीं जाएगा।

2027 को लेकर भाजपा का दावा

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अपनी आठों सीटों पर जीत हासिल करेगी और नौवीं सीट के लिए भी प्रयास करेगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की दोबारा सरकार बनने का दावा किया।