लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सुरेंद्र विवेक को बिहार का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, विधायक राजू तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। सुरेंद्र विवेक ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में साहेबपुर कमाल सीट से पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें आरजेडी के सत्तानंद संबुद्ध से 15,721 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
अगले साल सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने पार्टी के कई प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों में बदलाव किया है। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी ने राजीव पासी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष और मध्य उत्तर प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। वहीं, पवन कुमार वर्मा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। एलजेपी (रामविलास) 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना खाता नहीं खोल सकी थी।
पार्टी ने अमर सिंह मेहमी को पंजाब, विशाल सिंह ठाकुर को उत्तराखंड, खोइराम दीपु सिंह को मणिपुर, नितिन चौहान को हिमाचल प्रदेश और आशीष कुमार पटेल को गुजरात का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा मनीशंकर पांडे, मोहम्मद शमीम एम. हवा, बीरेंद्र प्रधान, कुंवर असीम खान, सत्यानंद शर्मा और कमला कुमारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। अब्दुल खालिक को राष्ट्रीय महासचिव और सांसद राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मिथिलेश कुमार सिंह, राजू तिवारी, वीणा देवी, अजय कुमार, पंकज अरोड़ा, केपी चौधरी, वीरेंद्र बिधूड़ी, सुखातो ए. सेमा, धीरेंद्र कुमार सिन्हा 'मुन्ना', अशरफ अंसारी, अरविंद कुमार सिंह और सी. विद्याराधन को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पार्टी ने युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रणब कुमार को, महिला मोर्चा की जिम्मेदारी चंद्र प्रभा भाटिया को दी है। वहीं, अब्दुल खालिक को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का अस्थायी प्रभार सौंपा गया है।
2025 के विधानसभा चुनाव में एलजेपी (रामविलास) ने 28 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 19 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना मजबूत प्रदर्शन किया था।चिराग पासवान ने नए पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सभी को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।