काशी को जल्द ही बुलेट ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इसके बनने से दिल्ली से वाराणसी का सफर महज 3 घंटे 33 मिनट में पूरा हो सकेगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को वाराणसी कैंट स्टेशन पर नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और 10 नई मेमू रेल सेवाओं के शुभारंभ के दौरान यह जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। दोनों ने नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। रेलवे अब गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सुरक्षित और बेहतर यात्रा का साधन बन रही है। इन नई रेल सेवाओं से काशी समेत पूरे पूर्वांचल के लोगों को फायदा मिलेगा।
बुलेट ट्रेन से जुड़ेंगे दिल्ली, लखनऊ और वाराणसी समेत कई शहर
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बुलेट ट्रेन का नॉर्थ कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज को जोड़ेगा। आगे इसका विस्तार पटना, सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक किया जाएगा। इस परियोजना को 'मेक इन इंडिया' के तहत देश के नौजवानों और कारीगरों की मदद से तैयार किया जाएगा।
बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली से वाराणसी का सफर 3 घंटे 33 मिनट में पूरा होगा। वहीं दिल्ली से कानपुर पहुंचने में 1 घंटे 45 मिनट और दिल्ली से लखनऊ पहुंचने में 2 घंटे 12 मिनट लगेंगे। वाराणसी से लखनऊ की दूरी भी केवल 1 घंटे 21 मिनट में तय की जा सकेगी। इसके अलावा दिल्ली से आगरा का सफर 59 मिनट और काशी से पटना का सफर करीब एक घंटे में पूरा होगा।
यूपी का रेल बजट 18 गुना बढ़कर 20 हजार करोड़ रुपये हुआ
रेल मंत्री ने उत्तर प्रदेश के रेल बजट में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश को रेलवे के लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये का बजट मिलता था। डबल इंजन सरकार आने के बाद इसमें 18 गुना बढ़ोतरी हुई है और अब यह बढ़कर 20 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में हो रहे बदलावों से महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और आम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में स्टाफ के लिए भी खास सुविधाएं
रेल मंत्री ने नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की खूबियां बताते हुए कहा कि इसमें यात्रियों के साथ ट्रेन के कर्मचारियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। रात में काम करने वाले स्टाफ के लिए अलग बर्थ और लोको पायलट के लिए अंदर टॉयलेट की व्यवस्था की गई है।
मिडिल और अपर बर्थ पर चढ़ने के लिए सीढ़ियों को भी नए तरीके से डिजाइन किया गया है, ताकि यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी न हो और फिसलने का खतरा कम रहे। उन्होंने बताया कि गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलने वाली वंदे भारत की विदेशी मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने भी तारीफ की है। नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली तक चलेगी।
काशी और प्रयागराज के बीच शुरू होंगी 10 नई मेमू सेवाएं
दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए 10 नई मेमू रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। इनमें आठ सेवाएं बनारस शहर, बनारस सिटी, बनारस कैंट, बनारस स्टेशन, भुल्लनपुर, हरदत्तपुर और राजातालाब के बीच चलेंगी। वहीं, दो सेवाएं प्रयागराज रामबाग, झूंसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर रोड, माधोसिंह और राजातालाब होते हुए बनारस को जोड़ेंगी।
रेल मंत्री ने बताया कि बनारस सिटी से राजातालाब तक एक महीने का मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) सिर्फ 95 रुपये में मिलेगा। वहीं, काशी से प्रयागराज रामबाग तक का मासिक टिकट 220 रुपये में उपलब्ध होगा। इससे रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों और छोटे व्यापारियों को कम खर्च में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।