Breaking News

अखिलेश यादव का BJP पर हमला, महिला आरक्षण और जातीय जनगणना को लेकर साधा निशाना     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी PM मोदी से कर रहे मुलाकात     |   अमृतसर: पाकिस्तान लिंक वाले ड्रग्स तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार     |   ईरानी संसद के डिप्टी स्पीकर अली निकजाद ने कहा- ईरान ब्लैकमेलर नहीं है     |   चीन ने कहा- हॉर्मुज में जल्द सामान्य आवाजाही बहाल होने की उम्मीद     |  

गुजरात: शादी में खाना खाने के बाद 400 से ज़्यादा लोग बीमार, 150 से अधिक अस्पताल में भर्ती

दाहोद (गुजरात) में एक शादी समारोह के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है, जहां 300-400 मेहमानों में से कई लोग बीमार पड़ गए। उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद करीब 50-60 लोगों को जाइडस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के आरएमओ डॉ. राजीव डामोर के अनुसार, सोमवार शाम आयोजित इस समारोह के बाद रात करीब 11 बजे लोगों में लक्षण दिखने शुरू हुए। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पहले से ही 150-200 मरीजों के आने की आशंका को देखते हुए बेड और इमरजेंसी सेवाएं तैयार कर ली थीं। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

वहीं, ओडिशा में भी फूड पॉइजनिंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मयूरभंज जिले के एक आश्रम स्कूल हॉस्टल में जहरीला भोजन खाने से 12 वर्षीय छात्रा रूपाली बेषरा की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। राजस्व मंडल आयुक्त सुधांशु मोहन सामल ने मामले की जांच के लिए स्कूल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय किए जाएंगे।

मंगलवार को छात्रा के अंतिम संस्कार के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए, जब ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव और पटाखे फेंके, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान करीब 20 पुलिसकर्मी और 10 ग्रामीण घायल हो गए। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों ने ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री से गांव का दौरा करने, उचित मुआवजा देने और पीड़ितों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रशासन ने रूपाली के परिवार को 7 लाख रुपये और मुख्यमंत्री द्वारा अतिरिक्त 3 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है, लेकिन ग्रामीण इसे अपर्याप्त बता रहे हैं और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने इस मामले में लापरवाही स्वीकार करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। स्कूल के हेडमास्टर को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।