उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को नई पीढ़ी को वैश्विक व्यापार और कूटनीति का व्यावहारिक अनुभव मिला। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ‘विकसित भारत मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN)’ में कक्षा 9 से 12 तक के 14 विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाई।

विद्यार्थियों ने वैश्विक व्यापार, विश्व अर्थव्यवस्था, तकनीक और बदलती वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर संवाद, तर्क-वितर्क, बातचीत और सहमति बनाने की प्रक्रिया को करीब से समझने का मौका मिला।

‘विकसित भारत 2047’ रहा मुख्य विषय

मॉडल यूनाइटेड नेशंस का मुख्य विषय ‘विकसित भारत 2047’ रहा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े फैसलों के प्रभाव को समझने का अवसर देना था। विद्यार्थियों ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) के सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक व्यापार व्यवस्था से जुड़े कई विषयों पर विचार रखे। सप्लाई चेन मैनेजमेंट, ट्रेड फैसिलिटेशन एग्रीमेंट, डिजिटल ट्रेड मोरेटोरियम, रूल्स ऑफ ओरिजिन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ई-कॉमर्स जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे।
देशों की आर्थिक नीतियों को समझा

MUN में विद्यार्थियों को केवल किसी देश का प्रतिनिधित्व करने तक सीमित नहीं रखा गया। उन्हें संबंधित देश की आर्थिक स्थिति, व्यापार नीति और वैश्विक मुद्दों पर उसके रुख को समझकर अपनी बात रखने का अवसर मिला। इस प्रक्रिया के जरिए विद्यार्थियों ने जाना कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी मुद्दे पर निर्णय लेते समय अलग-अलग देशों के हितों, आर्थिक परिस्थितियों और वैश्विक समीकरणों को ध्यान में रखा जाता है। आयोजन ने विद्यार्थियों में पब्लिक स्पीकिंग, रिसर्च, क्रिटिकल थिंकिंग, नेगोशिएशन और निर्णय लेने जैसी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर दिया।
ट्रेड शो में उद्योग और निवेश को भी जाना

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए विभिन्न पवेलियन का भी दौरा किया। यहां उन्होंने प्रदेश के उद्योग, निवेश, निर्यात, तकनीक, हस्तशिल्प, संस्कृति और विरासत से जुड़े पहलुओं को देखा। विद्यार्थियों को यह समझने का मौका मिला कि किसी उत्पाद के निर्माण से लेकर उसके अलग-अलग देशों के बाजारों तक पहुंचने में वैश्विक सप्लाई चेन, तकनीक, व्यापार समझौते और नीतियां किस तरह भूमिका निभाती हैं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न देशों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने और चर्चा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’, ‘हाई कमेंडेशन’ और ‘स्पेशल मेंशन’ जैसे पुरस्कार दिए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में रायन इंटरनेशनल स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, जेएम इंटरनेशनल स्कूल, खेतान स्कूल, भारत राम ग्लोबल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, नारायणा स्कूल, असीसी कॉन्वेंट स्कूल, एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज, जागरण पब्लिक स्कूल और समरविल स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
नई पीढ़ी को वैश्विक दृष्टि देने की पहल

मॉडल यूनाइटेड नेशंस के जरिए ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया गया। वैश्विक व्यापार, तकनीक, AI, ई-कॉमर्स और सप्लाई चेन जैसे विषयों पर चर्चा के जरिए विद्यार्थियों को भविष्य की अर्थव्यवस्था में होने वाले बदलावों को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतम बुद्ध नगर चंद्रशेखर के स्वागत उद्बोधन से हुई। इस अवसर पर रायन इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने उनका सम्मान किया। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम संवाद और सीखने के मंच के रूप में सामने आया।