Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

पंजाब में AAP विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर ED की छापेमारी, सात जगहों पर तलाशी जारी

पंजाब के मोगा से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक और पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष अमनदीप कौर अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को उनके ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सरकारी और संस्थागत संपत्तियों की कथित धोखाधड़ी से खरीद और सरकारी धन के गबन से जुड़े मामले में की जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, ईडी की टीमों ने सुबह-सुबह तलाशी अभियान शुरू किया। पंजाब में कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इनमें अमनदीप कौर अरोड़ा, उनके पति राकेश अरोड़ा, परिवार के सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के परिसर शामिल हैं। इसके अलावा राकेश अरोड़ा से जुड़े नशामुक्ति अस्पताल में भी तलाशी ली जा रही है।

ईडी ने यह मामला पंजाब पुलिस की 16 जून 2024 को दर्ज एफआईआर के आधार पर दर्ज किया है। एफआईआर में नेशनल हाईवे नंबर 754A के लिए अधिग्रहित सरकारी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित फर्जीवाड़ा करने और मुआवजे की रकम गलत तरीके से जारी कराने का आरोप है।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में ईडी ने ECIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। एजेंसी पहले ही डिजिटल साक्ष्यों समेत कई अहम दस्तावेज और सामग्री जुटा चुकी है। अब छापेमारी के जरिए मामले से जुड़े अन्य सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। ईडी की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कथित भ्रष्टाचार से जुड़े पैसों के लेन-देन यानी मनी ट्रेल का पता लगाना है। फिलहाल पंजाब में सात ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है।