Breaking News

यूपी सरकार का फैसला, NCR के जिलों में 1 अक्टूबर से बिना PUC नहीं मिलेगा ईंधन     |   बंगाल: अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची ED की टीम     |   ममता बनर्जी को झटका, बंगाल में ऋतब्रत होंगे विपक्ष के नेता     |   हर अच्छे काम में अड़ंगा लगाना समाजवादी पार्टी की पुरानी आदत: ओपी राजभर     |   डीके शिवकुमार बने कर्नाटक के नए सीएम, राजभवन में ली शपथ     |  

DK Shivakumar बने कर्नाटक के 34वें CM, जी. परमेश्वर ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। लोक भवन में आयोजित भव्य समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की औपचारिक शुरुआत हो गई है। शपथ ग्रहण के दौरान डीके शिवकुमार अपने हाथ में भारतीय संविधान की प्रति लेकर मंच पर पहुंचे और पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर देशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, धार्मिक गुरुओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल समेत कई शीर्ष नेता शामिल हुए। उनकी मौजूदगी को नई सरकार के प्रति पार्टी के एकजुट समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। डीके शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वे कनकपुरा विधानसभा सीट से लगातार आठ बार विधायक चुने जा चुके हैं और वर्ष 2020 से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष रहे हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

शपथ ग्रहण से पहले शिवकुमार ने कार्यक्रम में पहुंचे कई संतों और धार्मिक गुरुओं का आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपनी माता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उसके बाद शपथ समारोह में पहुंचे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिवकुमार को बधाई देते हुए कहा कि वे लंबे समय से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और कांग्रेस की नीतियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

वहीं कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक उत्कृष्ट निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि डीके शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस राज्य में अपनी स्थिति और मजबूत करेगी। कांग्रेस नेतृत्व के भीतर व्यापक विचार-विमर्श के बाद डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद संभाला है। उन्होंने सिद्धारमैया का स्थान लिया है, जिन्होंने नई व्यवस्था को समर्थन देते हुए सत्ता हस्तांतरण को सुचारु रूप से संपन्न कराया।

इन नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर के अलावा मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं में:

  • के.एच. मुनियप्पा
  • के.जे. जॉर्ज
  • एम.बी. पाटिल
  • रामलिंगा रेड्डी
  • सतीश जारकीहोली
  • कृष्णा बायरेगौड़ा
  • प्रियंक खड़गे
  • यू.टी. खादर
  • ईश्वर खंड्रे
  • यतींद्र सिद्धारमैया
  • बायरथी सुरेश
  • शरण प्रकाश पाटिल

शामिल हैं, जिन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। नई सरकार के गठन के साथ कर्नाटक में कांग्रेस के नेतृत्व में प्रशासन के नए चरण की शुरुआत हो गई है।