Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

अस्पताल के गेट पर प्रसव मामले में 5 पर कार्रवाई, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिया सख्त एक्शन

भदोही के ज्ञानपुर स्थित महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय के गेट पर महिला के प्रसव मामले में डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद अस्पताल के पांच अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई की गई है। भदोही के जोरई निवासी सुनील अपनी 20 वर्षीय पत्नी रानी देवी को 29 सितंबर को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

आरोप है कि लेबर रूम में मौजूद स्टाफ नर्स ने महिला को प्राथमिक उपचार देने के बजाय रेफर कर दिया। इसके बाद अस्पताल के गेट पर ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। मामले की जानकारी मिलने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इसे गंभीरता से लिया और भदोही के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए।

जांच में सामने आई लापरवाही

जांच कमेटी की रिपोर्ट में इमरजेंसी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार की लापरवाही सामने आई। उन पर प्रसव पीड़ित महिला की प्राथमिक जांच और उपचार नहीं करने का आरोप है। उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू की गई है। स्टाफ नर्स नीलम मौर्या को भी निलंबित कर दिया गया है। उन पर मरीज की जांच के बाद उसे एंबुलेंस में बैठाने तक की प्रक्रिया में लापरवाही बरतने का आरोप है।

दो डॉक्टरों पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति

स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश प्रजापति का सितंबर 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. एके तिवारी के खिलाफ प्रशासनिक लापरवाही के मामले में विभागीय कार्रवाई की शासन से संस्तुति की गई है। स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. नीलिमा धवन के खिलाफ भी 28 सितंबर को ड्यूटी में लापरवाही के मामले में विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है।

ब्रजेश पाठक ने दी सख्त हिदायत

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से स्वास्थ्य विभाग की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।