उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपोर्ट जा रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को लापता हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। विमान से संपर्क टूटने के बाद भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई हैं।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से रवाना हुआ था। इसका कॉल साइन VT-HCX था। जोशीमठ घाटी से गुजरते समय हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके ट्रैकिंग सिस्टम से भी लोकेशन मिलनी बंद हो गई, जिसके बाद विमान की स्थिति का पता नहीं चल सका।
चाई गांव के ऊपर क्रैश लैंडिंग की आशंका
जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित इलाके में टीमें भेजी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर बचाव अभियान चलाया जा सके। एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों को फिलहाल उड़ान से रोक दिया गया है।
इसी बीच दोपहर 2:21 बजे जोशीमठ के उपजिलाधिकारी की ओर से चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की संभावित क्रैश लैंडिंग की सूचना मिली। जोशीमठ चौकी के सब-इंस्पेक्टर मनोहर कन्याल के अनुसार, UCADA के अधिकारियों ने बताया था कि हेलीकॉप्टर की लोकेशन चाई गांव के ऊपर सेना के कैंप के पास दिखाई दे रही थी। हालांकि, क्रैश या क्रैश लैंडिंग को लेकर पूरी जानकारी अभी नहीं मिली थी।
चमोली जिला प्रशासन के मुताबिक, हेलीकॉप्टर लापता होने के बाद चाई गांव के पास धुआं उठता दिखाई दिया। प्रशासन की टीम इलाके में तलाश कर रही है। इसके साथ ही दूसरे हेलीकॉप्टर की मदद से हवाई सर्च टीम भी तैनात की गई है।
पायलट समेत छह लोग थे सवार
UCADA के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराजा के रूप में हुई है।
प्रतीक जैन ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग थे। घटना से जुड़ी अन्य जानकारी की पुष्टि होने के बाद साझा की जाएगी। फिलहाल सेना, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हैं।