Breaking News

पश्चिम बंगाल: ‘मेरी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही बीजेपी’, बोलीं पूर्व CM ममता     |   UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर के मां शाकंभरी देवी मंदिर पहुंचे     |   ये मौलाना और मौलवी कभी PAK या बांग्लादेश की सरकारों की निंदा नहीं करते: CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी के प्रस्तावित धरने के लिए पुलिस ने अनुमित नहीं दी- TMC     |   ‘ये उनका दोगलापन’, गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मौलानाओं की मांग पर बोले योगी     |  

लुधियाना की फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव से 3 मजदूरों की मौत, 2 अस्पताल में भर्ती

पंजाब के लुधियाना में सोमवार तड़के एक मशीन टूल फैक्ट्री में गैस रिसाव की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा चीमा चौक के पास इंडस्ट्रियल ए-ब्लॉक स्थित फैक्ट्री में कचरा निस्तारण के दौरान हुआ। घटना सुबह करीब 2:30 बजे हुई। लुधियाना के डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया, "इस हादसे में तीन लोगों की जान गई है। दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।" फिलहाल गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

वहीं, 28 मई को अमृतसर के रामबाग क्षेत्र में भीषण आग लगने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। आग से इलाके में भारी नुकसान हुआ था।पुलिस के अनुसार, आग शहर के एक प्रमुख बाजार में लगी थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना गया है। सहायक पुलिस आयुक्त रविंदर सिंह ने बताया कि मौके से एक शव बरामद किया गया था। आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक अजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देगी। उन्होंने कहा, "एक व्यक्ति की मौत बेहद दुखद है। नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात की जाएगी।" दोनों घटनाओं ने पंजाब में औद्योगिक और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।