Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25% छूट, CM योगी ने प्रदेशवासियों से की अपील

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खादी के वस्त्रों पर बड़ी छूट का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 30 जनवरी 2027 तक खादी के वस्त्रों पर 25 फीसदी की छूट उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खादी भारत की स्वाधीनता का मंत्र रही है। खादी को अपनाने से कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान मिलेगा।

लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

सीएम योगी ने लखनऊ स्थित एनेक्सी में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने महात्मा गांधी को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी का ‘स्वदेशी से स्वावलंबन’ का मंत्र भारत की आजादी का आधार बना। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में बिखरा हुआ स्वतंत्रता आंदोलन जनांदोलन में बदल गया। इससे देश की आजादी की लड़ाई को व्यापक जनभागीदारी मिली।

‘लोकल टू ग्लोबल’ से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी का आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का मंत्र विकसित भारत की आधारशिला बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ‘लोकल टू ग्लोबल’ की बात करते हैं।

उन्होंने कहा कि गांवों, कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के उत्पादों को बढ़ावा देना और उन्हें बाजार उपलब्ध कराना स्वाधीनता के महानायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक माध्यम है।

शास्त्री जी का व्यक्तित्व संघर्ष और सादगी का प्रतीक

सीएम योगी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का नाम आते ही हर भारतीय के मन में श्रद्धा का भाव आता है। वह अपनी सादगी और सज्जनता के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी जितने संवेदनशील थे, उतने ही संघर्षशील भी थे। उन्होंने जो कहा, उसे करके दिखाया।

‘जय जवान-जय किसान’ बना स्वाधीन भारत का मंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का लक्ष्य भारत को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना था। उनका ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा स्वाधीन भारत का मंत्र बना।

सीएम योगी ने कहा कि एक ओर जवान सीमाओं की रक्षा कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर किसान अपने परिश्रम से देश को खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाने में जुटे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी बड़ी आबादी का पेट भरने के साथ ही कई देशों को खाद्यान्न की आपूर्ति करने की क्षमता रखता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1965 में शास्त्री जी ने जो मंत्र दिया था, उसे देश की सुरक्षा में लगे जवान और देशवासी आज भी आत्मसात कर रहे हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।