Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

पेरिस पैरालंपिकः प्रवीण कुमार ने पुरुषों की हाई जम्प टी64 में जीता गोल्ड मेडल

भारत के पैरा एथलीट प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालंपिक के पुरुष की हाई जम्प टी64 प्रतियोगिता में एशियाई रिकॉर्ड तोड़कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। छोटे पैर के साथ पैदा हुए प्रवीण ने छह खिलाड़ियों में 2.08 मीटर से सीजन की बेस्ट जम्प लगाई और टॉप स्थान हासिल किया। भारत का ये कुल 26वां मेडल है, जबकि ये छठा गोल्ड है।

भारत के खाते में अब तक नौ सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज भी आ चुके हैं। प्रवीण का ये पैरालंपिक में लगातार दूसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में 2.07 मीटर के अपने बेस्ट प्रयास से सिल्वर मेडल जीता था।

उत्तर प्रदेश के नोएडा के 21 वर्षीय प्रवीण मरियप्पन थंगवेलु के बाद पैरालंपिक में पुरुष की हाई जम्प में गोल्ड मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय पैरा एथलीट हैं। अमेरिका के डेरेक लोसिडेंट ने 2.06 मीटर के साथ सिल्वर और उजबेकिस्तान के तेमरबेक जियाजोव ने 2.03 मीटर की जम्प के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही प्रवीण कुमार ऐसे तीसरे भारतीय हाई जम्प खिलाड़ी बने जिन्होंने पेरिस में मेडल जीता है। उनसे पहले शरद कुमार ने सिल्वर मेडल जीता था, जबकि मरियप्पन ने पुरुष टी63 प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।

टी64 में वो एथलीट हिस्सा लेते हैं जिनके एक पैर के निचले हिस्से में मामूली रूप से मूवमेंट कम होता है या घुटने के नीचे एक या दोनों पैर नहीं होते।