Breaking News

बॉम्बे HC ने महाराष्ट्र SIR प्रक्रिया में नाम हटाने पर रोक लगाने से इनकार किया     |   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल विशाखापत्तनम में पहले फ्लीट सपोर्ट शिप को लॉन्च करेंगे     |   पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह से मिले राहुल गांधी     |   आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर बनाया राष्ट्रीय संयोजक     |   आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा का बिहार के डीजीपी पद पर कार्यकाल बढ़ा     |  

शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की याद में 26वें क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, पायनियर ने 91 रन से जीता मुकाबला

देश के वीर शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति में आयोजित 26वें क्रिकेट टूर्नामेंट का नोएडा स्टेडियम में उद्घाटन हुआ। मानव सेवा समिति, एनपीडीए, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर और नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट के संयुक्त सौजन्य से आयोजित टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में नोएडा विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम में पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बीसीसीआई एवं डीडीसीए सी.के. खन्ना, पूर्व रणजी खिलाड़ी के.एल. तेजवानी, पूर्व जिलाधिकारी जितेंद्र शर्मा, मानव सेवा समिति के संरक्षक नैवेद्य शर्मा और शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा के पिता फ्लाइट लेफ्टिनेंट जे.पी. शर्मा, माता सुदेश शर्मा, भाई डॉ. नरेश शर्मा और डॉ. संगीता शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमित खेमका ने की।

पंकज सिंह ने शहीद को दी श्रद्धांजलि

vdvfv

उद्घाटन समारोह में विधायक पंकज सिंह ने कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों की स्मृति को जीवित रखने के लिए पिछले 26 वर्षों से इस तरह के खेल आयोजन करना सराहनीय कार्य है।

उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में तैनात हर जवान का सम्मान और उनकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। साथ ही शहीदों के परिवारों की देखभाल करना भी समाज का कर्तव्य है। पंकज सिंह ने टूर्नामेंट के आयोजन से जुड़ी सभी समितियों की सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद अन्य अतिथियों ने भी शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि दी और देश, खेल तथा जनहित से जुड़े विचार रखे।

पायनियर क्रिकेट क्लब ने 91 रन से जीता पहला मैच

ggfgv

उद्घाटन समारोह के बाद पायनियर क्रिकेट क्लब और स्किल इंडिया पावर के बीच टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला गया। पायनियर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

पायनियर की ओर से अंश ने शानदार नाबाद शतक लगाया। उन्होंने सिर्फ 61 गेंदों में 6 छक्कों और 9 चौकों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। वहीं संदीप तोमर ने 35 रन की पारी खेली।

पायनियर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित पारी में 3 विकेट खोकर 201 रन बनाए। स्किल इंडिया पावर की ओर से तुषार वर्मा ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट और इक्षित ने 3 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट लिया।

110 रन पर सिमटी स्किल इंडिया पावर

vvFSvfv

201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्किल इंडिया पावर की टीम 18.4 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कपिल ने 32 और योगेश ने 26 रन बनाए।

पायनियर की गेंदबाजी में विशाल चौधरी ने 4 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट, हर्ष भाटी ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट और अंकुर ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इस तरह पायनियर क्रिकेट क्लब ने मुकाबला 91 रन से जीत लिया। शानदार नाबाद शतक लगाने वाले अंश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे दिन होंगे दो मुकाबले

टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 8:30 बजे खुर्राट इलेवन और पायनियर क्रिकेट क्लब के बीच होगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला 11:30 बजे स्किल इंडिया पावर और स्टार इलेवन के बीच खेला जाएगा। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का उद्देश्य शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति को जीवित रखने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ना और खेल भावना को बढ़ावा देना है।