Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

महाकुंभ के बीच प्रयागराज के लिए इंडिगो का किराया हुआ स्थिर, उड़ानें बढ़ाईं

एयरलाइन कंपनी इंडिगो का प्रयागराज के लिए उड़ानों का किराया स्थिर हो गया है और उसने महाकुंभ के लिए इस मार्ग पर उड़ानों की संख्या बढ़ाकर 900 कर दी है। यात्रियों की बढ़ती मांग के चलते प्रयागराज की उड़ानों पर किराये में बढ़ोतरी को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। सरकार ने एयरलाइन कंपनियों से टिकट की कीमतें स्थिर रखने के साथ-साथ इस मार्ग पर और ज्यादा उड़ानें संचालित करने को कहा है। महाकुंभ 13 जनवरी से शुरू हुआ है और 26 फरवरी को समाप्त होगा।

पहले से सक्रिय की गई अतिरिक्त क्षमता के अलावा, इंडिगो ने कहा कि वो अपने नेटवर्क के अन्य हिस्सों से क्षमता का पुनः आवंटन करने पर भी काम कर रही है, ताकि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ज्यादा उड़ानें जोड़ी जा सकें। इंडिगो ने बयान में कहा, “एयरलाइन ने किराये को स्थिर रखना भी सुनिश्चित किया है और अपने सभी ग्राहकों को सर्वोत्तम संभव यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

इंडिगो ने प्रयागराज की उड़ानों के किराये में 30-50 प्रतिशत तक की कमी की है। एयरलाइन के अनुसार, उसने महाकुंभ अवधि के दौरान प्रयागराज हवाई अड्डे से उड़ानों की संख्या और सीट क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की है। बयान के अनुसार, “इस विशेष अवधि के लिए, एयरलाइन अब प्रयागराज से/के लिए 1,65,000 से अधिक सीटों का संचालन करेगी, जो हवाई अड्डे की इसकी सामान्य क्षमता से दोगुनी से भी ज्यादा है।”

कंपनी ने बयान में कहा, “इस अवधि के दौरान, इंडिगो प्रयागराज को भारत में 10 स्थानों से जोड़ेगी। इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, रायपुर और भुवनेश्वर से मौजूदा संपर्क के अलावा अहमदाबाद, कोलकाता और जयपुर से उड़ानें भी शामिल होंगी।”

प्रयागराज की उड़ानों के लिए अत्यधिक किराया वसूले जाने के बीच नागर विमानन मंत्रालय ने बुधवार को एयरलाइन कंपनियों से उचित टिकट कीमतें बनाए रखने को कहा था। इसके साथ ही, उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से कीमतों को कम करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया था।