Breaking News

असम एग्जिट पोल: NDA को 102 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें मिलने का अनुमान     |   गृहमंत्री अमित शाह लेह पहुंचे; लद्दाख के उपराज्यपाल और सांसद ने उनका स्वागत किया     |   पंजाब बीजेपी 1 मई को चंडीगढ़ में ‘जनता दी विधानसभा’ आयोजित करेगी     |   ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |  

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, अगले 3 दिन बर्फबारी अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंडक बनी रहेगी। 

चारधाम क्षेत्र की बात करें तो बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में लगातार बर्फबारी होने से तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। तेज हवाओं के साथ हो रही बर्फबारी से पहाड़ों में ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव से कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि निचले पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्की सर्दी का एहसास जरूर हो रहा है, लेकिन दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। धूप निकलने से दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में लगभग छह डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 मार्च तक पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क और गर्म बना रहने की संभावना है।