Breaking News

चीन ने भरोसा दिलाया कि सीजफायर के दौरान ईरान को हथियार नहीं देगा: US रक्षा मंत्री     |   ‘बीजेपी ने तब महिला आरक्षण का विरोध किया था’, लोकसभा में प्रियंका गांधी ने कहा     |   ‘कांग्रेस ने सबसे पहले महिला आरक्षण की बात की थी’, लोकसभा में बोलीं प्रियंका गांधी     |   लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने US विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात की     |   दक्षिण अफ्रीका में बड़ा फैसला, विपक्षी नेता जूलियस मालेमा को 5 साल की सजा     |  

हिमाचल में मौसम का कहर, IMD का ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव के चलते दी गई है, जिससे राज्य में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम सामान्य और साफ रहा, लेकिन आज शाम से मौसम करवट ले सकता है। उन्होंने बताया कि देर रात तक एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश को प्रभावित करेगा, जिसका असर चंबा, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर और शिमला समेत कई जिलों में दिखेगा।

आईएमडी के अनुसार, शाम तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है, जो रात के समय तेज हो जाएगी। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 17 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा मैदानी और मध्य पहाड़ी इलाकों में भी गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। 20-21 अप्रैल के बीच एक और बारिश का दौर आ सकता है। तापमान की बात करें तो राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। कांगड़ा में तापमान करीब 30 डिग्री, शिमला में 24 डिग्री और बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा में करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले 24 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार, इस अप्रैल में अब तक हिमाचल प्रदेश में करीब 65% अधिक बारिश दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई है। इससे पहले भी कांगड़ा, मंडी, पालमपुर, शिमला और कुल्लू के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हो चुकी है और आने वाले दिनों में ऐसे हालात दोबारा बन सकते हैं।