Breaking News

'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |   'ईरान डील फाइनल नहीं, बात नहीं बनी तो फिर बरसाएंगे बम', G7 में ट्रंप की धमकी     |   गुरु रंधावा जिम फायरिंग केस: लॉरेंस गैंग के दो शूटर गिरफ्तार     |  

Tom Holland ने की शादी की पुष्टि, बोले- Zendaya और मैं अब पति-पत्नी हैं

हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड ने आखिरकार अपनी लंबे समय की पार्टनर जेंडाया के साथ शादी की पुष्टि कर दी है। इस खुलासे के साथ ही दोनों की शादी को लेकर चल रही महीनों पुरानी अटकलों पर विराम लग गया है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान टॉम हॉलैंड ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई AI-जनरेटेड शादी की फर्जी तस्वीरों पर बात करते हुए यह जानकारी दी। इन तस्वीरों में दोनों को इटली के लेक कोमो में शादी करते हुए दिखाया गया था।

टॉम ने बताया कि उनकी दादी ने जब ये तस्वीरें देखीं तो उन्हें लगा कि उन्हें शादी में बुलाया ही नहीं गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें परिवार के अन्य लोगों को भी सफाई देनी पड़ी, तो उन्होंने जवाब दिया, "नहीं, क्योंकि वे सभी वहां मौजूद थे।" टॉम के इस जवाब को उनकी शादी की आधिकारिक पुष्टि माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने शादी समारोह से जुड़ी अन्य जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। जब उनसे समारोह के बारे में विस्तार से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "आपको बस इतना ही जानने को मिलेगा।"

दरअसल, पिछले कई महीनों से दोनों की शादी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। इसी साल जेंडाया ने भी अपने शादीशुदा होने की खबरों पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी थी। 'जिमी किमेल लाइव' शो में होस्ट जिमी किमेल ने उनसे कहा था कि इंटरनेट पर उनकी शादी की खबरें खूब वायरल हो रही हैं। इस पर जेंडाया ने हंसते हुए जवाब दिया था, "सच में? मैंने तो ऐसा कुछ नहीं देखा।"

मार्च में जेंडाया के लंबे समय से स्टाइलिस्ट रहे लॉ रोच ने भी संकेत दिया था कि दोनों की शादी हो चुकी है। उन्होंने कहा था, "शादी तो पहले ही हो चुकी है, आप लोग उसे मिस कर चुके हैं।" इंटरव्यू के दौरान टॉम हॉलैंड ने जेंडाया के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मनोरंजन जगत का जीवन काफी तनावपूर्ण हो सकता है, लेकिन जेंडाया उनके लिए एक मजबूत सहारा हैं।

टॉम ने कहा, "मैंने अपना जीवनसाथी पा लिया है। वह मेरी सबसे अच्छी दोस्त हैं। उनके साथ मैं सबसे ज्यादा खुश रहता हूं और खुद को सबसे सुरक्षित महसूस करता हूं।" वर्कफ्रंट की बात करें तो टॉम हॉलैंड और जेंडाया दोनों इस साल बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं। टॉम की फिल्म 'द ओडिसी' और दोनों की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' जुलाई में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं। हाल ही में 15 जून को दोनों स्पेन के मैड्रिड में रेड कार्पेट पर साथ नजर आए थे। यह चार साल बाद उनकी पहली संयुक्त रेड कार्पेट उपस्थिति थी, जिसने भी उनकी शादी की अटकलों को और हवा दी थी।