उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का लाभ मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से योजना की अगली किस्त जारी करेंगे। इसके तहत उत्तर प्रदेश के किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे 4,482.19 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
देशभर में इस किस्त के तहत 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी। केंद्र और प्रदेश की मोदी-योगी सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें खेती के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
हर साल तीन किस्तों में मिलते हैं 6 हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवार को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। शुक्रवार को जारी होने वाली 24वीं किस्त से प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे।
इससे पहले जून 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से किसानों को सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की थी। प्रधानमंत्री ने 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से इस योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत प्रदेश के किसानों को 23 किस्तों तक कुल 1,03,461.76 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
24वीं किस्त के बाद 1.07 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता
शुक्रवार को 4,482.19 करोड़ रुपये की अगली किस्त जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दी गई कुल सहायता बढ़कर 1,07,943.95 करोड़ रुपये हो जाएगी। यह राशि प्रदेश के करोड़ों किसानों को आर्थिक संबल देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार की इस पहल से किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। सीधे बैंक खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है।