Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

तेलंगाना: 20 माओवादी गिरफ्तार, हथियार जब्त

तेलंगाना के मुलुगु जिले में अलग अलग जगहों से पुलिस ने प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के 20 सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कई हथियार जब्त किए। मुलुगु जिले के पुलिस अधीक्षक शबरीश पी ने बताया कि एक डिवीजन कमेटी सदस्य और पांच एरिया कमेटी सदस्यों सहित माओवादियों को 16 और 17 मई के बीच वाहन जांच, तलाशी अभियान और वेंकटपुरम, वजीदु और कन्नाईगुडेम पुलिस थानों की सीमाओं के अंतर्गत गश्त के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि सीआरपीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा हाल ही में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू करने के बाद, मुलुगु पुलिस को सूचना मिली कि कर्रेगुट्टा में शरण लिए हुए भाकपा (माओवादी) वहां से छोटे-छोटे समूहों में विभिन्न स्थानों की ओर भाग रहे हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुलुगु जिले में माओवादियों के प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस ने अपनी निगरानी प्रणाली को मजबूत किया और माओवादियों को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 20 माओवादी तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों की घात लगाकर हत्या करने और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने जैसी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने लोगों को पुलिस का मुखबिर बताकर उनकी हत्या भी की थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार माओवादियों के पास से कई हथियार बरामद किए गए हैं।