Breaking News

राज्यसभा चुनाव: सपा उम्मीदवार रामगोपाल यादव, धनराज परिमल ने नामांकन किया     |   कर्नाटक: विजयपुरा में आया भूकंप, 3.5 रही तीव्रता     |   Asian Games: भारत को एक और गोल्ड, कंपाउंड मिक्स्ड टीम के निशानेबाजों ने साउथ कोरिया को हराया     |   एशियन गेम्स: महिला तीरंदाज टीम ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता     |   AI दिग्गजों से मिले ट्रंप, बैठक को बताया दोस्ताना और सफल     |  

पटियाला में पालतू पिटबुल ने दंपती पर किया हमला, दोनों घायल, पत्नी की हुई सर्जरी

पंजाब के पटियाला के घुमन नगर इलाके में मंगलवार को एक पालतू पिटबुल कुत्ते ने एक दंपती पर हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए। पत्नी की हालत को देखते हुए उनके हाथ और पैरों की सर्जरी करनी पड़ी और फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। घटना के बारे में पति अंकित सभरवाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ किराए के लिए एक मकान देखने गए थे। जैसे ही दोनों ने घर के गेट की कुंडी खोली, पिटबुल ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

अंकित ने बताया, “मैं अपनी पत्नी के साथ किराए के लिए मकान देखने गया था। जैसे ही हम वहां पहुंचे और गेट की कुंडी खोली, कुत्ते ने हम पर हमला कर दिया। हम दोनों घायल हो गए।” उन्होंने बताया कि हमले में उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और उन्हें कई टांके लगे हैं। वहीं उनकी पत्नी के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी सर्जरी की गई। फिलहाल वह अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

अंकित ने घटना को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि कुत्ते के मालिक के रोकने के बावजूद पिटबुल ने हमला करना बंद नहीं किया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में कुछ स्थानीय लोग डंडों की मदद से पिटबुल को दंपती से दूर करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।

एक महिला भी हाथ में डंडा लेकर घर से बाहर आती नजर आती है, लेकिन वह कुत्ते को रोक नहीं पाती। इसके बाद दो-तीन अन्य लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचते हैं और किसी तरह घायल दंपती को कुत्ते से बचाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाते हैं। अंकित ने आरोप लगाया कि पालतू कुत्ते को खुले में घूमने देने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मामले में न्याय की मांग की है।