Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक, जांच जारी

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन सिमरी' के तहत की गई। खुफिया जानकारी मिली थी कि एक पाकिस्तानी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश कर चुका है। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की चिनार वॉरियर्स यूनिट और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

संयुक्त टीम ने कुपवाड़ा जिले के सिमरी गांव के पास संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया और किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को टाल दिया। सेना के अनुसार, यह कार्रवाई 12 जून 2026 को की गई थी। चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त अभियान में पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा गया, जिसने संदिग्ध परिस्थितियों में एलओसी पार की थी। सतर्क सुरक्षा बलों ने समय रहते उसे हिरासत में लेकर संभावित सुरक्षा उल्लंघन को रोक दिया। फिलहाल पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारतीय सीमा में किस उद्देश्य से दाखिल हुआ था और उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।