Breaking News

'सीटों से ज्यादा गठबंधन जरूरी', सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान     |   उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की स्क्रीनिंग परीक्षा जारी     |   इंडोनेशिया में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.2 रही तीव्रता; 10 किमी गहराई में था केंद्र     |   आज से शुरू होगा विश्व अंतरिक्ष सप्ताह, 10 अक्टूबर तक होंगे स्पेस से जुड़े कार्यक्रम     |   मुंबई में उद्धव-राज ठाकरे के संयुक्त मार्च में कांग्रेस और NCP (SP) भी शामिल होगी     |  

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राजीव गांधी को याद करते हुए एक संक्षिप्त संदेश साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि।”

वहीं, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी दिल्ली स्थित वीर भूमि पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा भी मौजूद रहे।

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, पी. चिदंबरम, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मुकुल वासनिक समेत कई नेताओं ने भी वीर भूमि पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने X पर पोस्ट कर राजीव गांधी के योगदान और उनकी दूरदर्शिता को याद किया। उन्होंने राजीव गांधी को “भारत का असाधारण सपूत” बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने की मजबूत नींव रखी।

खरगे ने लिखा, “भारत एक पुराना देश है लेकिन एक युवा राष्ट्र भी है… मैं ऐसे भारत का सपना देखता हूं जो मजबूत, स्वतंत्र, आत्मनिर्भर और मानवता की सेवा में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हो। राजीव गांधी ने अपनी दूरदृष्टि, साहस और भारत के भविष्य में गहरे विश्वास के साथ करोड़ों लोगों में उम्मीद और आकांक्षा जगाई।”

उन्होंने आगे कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाना, दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति, कंप्यूटरीकरण, महत्वपूर्ण शांति समझौते, सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम और समावेशी शिक्षा नीति जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए।

राजीव गांधी ने 1984 में अपनी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस की कमान संभाली थी। अक्टूबर 1984 में 40 वर्ष की आयु में वह भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने। उन्होंने 2 दिसंबर 1989 तक प्रधानमंत्री पद संभाला। 20 अगस्त 1944 को जन्मे राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनावी रैली के दौरान लिट्टे (LTTE) के आत्मघाती हमलावर द्वारा हत्या कर दी गई थी।