Breaking News

राज्यसभा चुनाव: सपा उम्मीदवार रामगोपाल यादव, धनराज परिमल ने नामांकन किया     |   कर्नाटक: विजयपुरा में आया भूकंप, 3.5 रही तीव्रता     |   Asian Games: भारत को एक और गोल्ड, कंपाउंड मिक्स्ड टीम के निशानेबाजों ने साउथ कोरिया को हराया     |   एशियन गेम्स: महिला तीरंदाज टीम ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता     |   AI दिग्गजों से मिले ट्रंप, बैठक को बताया दोस्ताना और सफल     |  

नेपाल के PM बालेन शाह आज भारत-चीन के राजदूतों से करेंगे मुलाकात, 100 दिन बाद पहली आमने-सामने कूटनीतिक बैठक

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह उर्फ ‘बालेन’ सोमवार (10 अगस्त) को भारत और चीन के राजदूतों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री पद संभालने के 100 से ज्यादा दिनों बाद यह उनकी पहली ऐसी आमने-सामने की कूटनीतिक बातचीत होगी। इसके अगले दिन मंगलवार (11 अगस्त) को बालेन शाह अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी और अन्य राजनयिकों से मुलाकात करेंगे।

बालेन शाह सोमवार सुबह भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर में चीन के राजदूत झांग माओमिंग प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचेंगे। एक ही दिन भारत और चीन के राजदूतों के साथ होने वाली इन बैठकों को नेपाल की विदेश नीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों के दौरान दोनों देशों के साथ नेपाल के द्विपक्षीय संबंधों की मौजूदा स्थिति, आपसी सहयोग और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही संबंधित सरकारों के संदेश भी प्रधानमंत्री तक पहुंचाए जा सकते हैं।

भारत और चीन के राजदूतों से मुलाकात के अगले दिन मंगलवार को बालेन शाह अमेरिकी दूतावास के प्रभारी स्कॉट अर्बोम और अन्य अमेरिकी राजनयिकों से बैठक करेंगे। इस दौरान नेपाल-अमेरिका संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले 8 अप्रैल को बालेन शाह ने काठमांडू स्थित सिंह दरबार में 17 राजदूतों और राजनयिक मिशनों के प्रमुखों के साथ सामूहिक शिष्टाचार मुलाकात की थी। इस बैठक में भारत और चीन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए थे।

बालेन शाह ने इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों के साथ आमने-सामने बैठक करने से इनकार किया था। हालांकि, एशियाई विकास बैंक (ADB) के अध्यक्ष मासातो कांडा के साथ मुलाकात कर उन्होंने अपने ही बनाए इस नियम में बदलाव किया था। कांडा 6 जुलाई को तीन दिवसीय नेपाल दौरे पर पहुंचे थे। अब भारत, चीन और अमेरिका के राजनयिकों के साथ होने वाली बालेन शाह की लगातार बैठकों को नेपाल की विदेश नीति और प्रमुख शक्तियों के साथ उसके संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।