Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

वाराणसी में शहर से बाहर शिफ्ट होंगी मांस, मछली और पोल्ट्री की दुकानें

वाराणसी नगर निगम ने शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब शहर के अंदर चल रही मांस, मछली और पोल्ट्री की दुकानों को धीरे-धीरे शहर के बाहरी इलाकों में शिफ्ट किया जाएगा। मैदागिन स्थित टाउन हॉल में मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पहले चरण में रामनगर, सुजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर में इन दुकानों के लिए नई जगहें विकसित की जाएंगी।

बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। नगर निगम ने जलकल के टैंक से निकली मिट्टी की नीलामी कर राजस्व बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत बन रही छह प्रमुख सड़कों का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। काशी इंटरप्रिटेशन सेंटर परियोजना को लेकर भी स्पष्ट किया गया कि भेलूपुर का पुराना जलकल भवन सुरक्षित रहेगा। परियोजना के लिए खाली जमीन का उपयोग किया जाएगा और वहां सौर ऊर्जा की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

इसके अलावा शिवपुर में 500 दुकानों वाला नया फल बाजार बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। बैठक से पहले मेयर और नगर निगम के अधिकारी ई-रिक्शा से टाउन हॉल पहुंचे। यह नगर निगम के "नो फ्यूल डे" अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। नगर निगम का कहना है कि इन फैसलों से शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, व्यापार को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी और वाराणसी के विकास को नई गति मिलेगी।