Breaking News

'सीटों से ज्यादा गठबंधन जरूरी', सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान     |   उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की स्क्रीनिंग परीक्षा जारी     |   इंडोनेशिया में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.2 रही तीव्रता; 10 किमी गहराई में था केंद्र     |   आज से शुरू होगा विश्व अंतरिक्ष सप्ताह, 10 अक्टूबर तक होंगे स्पेस से जुड़े कार्यक्रम     |   मुंबई में उद्धव-राज ठाकरे के संयुक्त मार्च में कांग्रेस और NCP (SP) भी शामिल होगी     |  

गाजियाबाद के पैसेफिक मॉल में लगी भीषण आग, एक घंटे में काबू

गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल के एक सिनेमा हॉल में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में लगी थी, जिसे करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू में कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल कुमार के मुताबिक, आग सबसे पहले प्रोजेक्टर रूम में लगी और बाद में ऑडिटोरियम के कुछ हिस्सों तक फैल गई। सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से पांच दमकल गाड़ियां और घंटाघर कोतवाली क्षेत्र से अतिरिक्त फायर यूनिट्स मौके पर भेजी गईं।

राहुल कुमार ने बताया, “21 मई 2026 को सुबह करीब 7:21 बजे वैशाली फायर स्टेशन को कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग प्रोजेक्टर रूम से शुरू होकर ऑडिटोरियम के कुछ हिस्सों तक फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा उपकरण पहनकर मॉल की फायर फाइटिंग सिस्टम और दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया।”

उन्होंने कहा कि करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद धुआं निकालने और कूलिंग का काम जारी रहा। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। इससे पहले बुधवार को गाजियाबाद में ही एक अन्य घटना में न्यू बस स्टैंड रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ‘न्यू ऑटो लाइफ मोटर्स’ वर्कशॉप में भी भीषण आग लग गई थी। फायर विभाग के अनुसार, यह आग मेरठ रोड स्थित वर्कशॉप में लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। सीएफओ राहुल कुमार ने बताया कि इस हादसे में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।