Breaking News

राज्यसभा चुनाव: सपा उम्मीदवार रामगोपाल यादव, धनराज परिमल ने नामांकन किया     |   कर्नाटक: विजयपुरा में आया भूकंप, 3.5 रही तीव्रता     |   Asian Games: भारत को एक और गोल्ड, कंपाउंड मिक्स्ड टीम के निशानेबाजों ने साउथ कोरिया को हराया     |   एशियन गेम्स: महिला तीरंदाज टीम ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता     |   AI दिग्गजों से मिले ट्रंप, बैठक को बताया दोस्ताना और सफल     |  

नैनीताल में बड़ा हादसा पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, करीब 20 लोग घायल

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। मल्ला रामगढ़ क्षेत्र के लक्ष्मी खान के पास पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में करीब 20 पर्यटकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ और भवाली से पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

बचाव अभियान के दौरान खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया है। भवाली कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद SDRF और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ CHC भेजा जा रहा है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।

नैनीताल जिले में इससे पहले भी खाई में वाहन गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में भवाली-रामगढ़ रोड पर कुलाटी बेंड के पास एक कार करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में कार सवार नोएडा निवासी खरेश दुग्गल और उनकी पत्नी रितु दुग्गल घायल हुए थे। सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद भवाली अस्पताल पहुंचाया।

इस सप्ताह की शुरुआत में उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था। तरसाली-फाटा मार्ग पर एक ट्रक करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा था। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद SDRF, NDRF, जिला पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था। लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।