Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आज NCORD की बड़ी बैठक, जारी होगा ड्रग कंट्रोल विजन 2026-29

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की 10वीं शीर्ष स्तरीय बैठक होगी। इस बैठक में केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और मादक पदार्थों की रोकथाम से जुड़ी एजेंसियों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में देश में नशे की तस्करी और उसके दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

बैठक के दौरान अमित शाह 'मादक पदार्थ नियंत्रण दृष्टि पत्र 2026-2029' जारी करेंगे। इस दस्तावेज में नशे की मांग और सप्लाई कम करने, नशा छोड़ने वालों के इलाज और पुनर्वास, सिंथेटिक ड्रग्स और डार्कनेट के जरिए होने वाली तस्करी पर रोक लगाने की योजना शामिल है। साथ ही लोगों को जागरूक करने और उपचार सेवाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

गृह मंत्री एनसीबी की 2025 की वार्षिक रिपोर्ट भी जारी करेंगे। इसके अलावा वे जम्मू और गुवाहाटी में बने नए एनसीबी क्षेत्रीय कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे और ऑनलाइन ड्रग निस्तारण पखवाड़ा अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अभियान के तहत देशभर में करीब 6,000 करोड़ रुपये मूल्य के 2.09 लाख किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट किया जाएगा।

गृह मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक का उद्देश्य नशे के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस (शून्य-सहनशीलता) नीति को और मजबूत करना और 'नशामुक्त भारत' अभियान को आगे बढ़ाना है। साथ ही अगले तीन वर्षों के लिए मादक पदार्थों की रोकथाम की प्रभावी रणनीति भी तैयार की जाएगी।