Breaking News

लोकसभा: ‘दलितों-आदिवासियों को हिंदू कहते, लेकिन जगह नहीं देते’, बोले राहुल गांधी     |   लोकसभा: ‘देश का चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश’, परिसीमन बिल पर बोले राहुल गांधी     |   ‘दक्षिण के राज्यों को डरने की जरूरत नहीं’, लोकसभा में बोले राहुल गांधी     |   ‘हर क्षेत्र से दलित-आदिवासियों की भागीदारी खत्म हो रही’, लोकसभा में बोले राहुल गांधी     |   ‘इस बिल का मकसद राष्ट्रविरोधी’, लोकसभा में बोले विपक्ष नेता राहुल गांधी     |  

दिल्ली में ‘नशे पर लगाम’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 123 ग्राम हेरोइन के साथ 2 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हेरोइन सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। द्वारका जिले की पुलिस ने इनके पास से करीब 123 ग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह गिरफ्तारी 11 अप्रैल को उत्तम नगर के हस्तसाल विहार इलाके से की गई। आरोपियों की पहचान पूजा उर्फ बर्खा (37) और नदीम (26) के रूप में हुई है। दोनों ओम विहार फेज-1 के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 52,830 रुपये नकद भी बरामद किए हैं, जिसे ड्रग्स बिक्री की कमाई माना जा रहा है।

बरामद हेरोइन में से 56 ग्राम पूजा के पास से और 67 ग्राम नदीम के पास से मिली। पुलिस जांच में सामने आया है कि नदीम पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी रह चुका है और दिसंबर 2025 में जमानत पर बाहर आया था। वहीं, पूजा का पति एक अन्य डकैती मामले में फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मुख्य रूप से दिहाड़ी मजदूरों, फेरीवालों और ई-रिक्शा चालकों जैसे निम्न आय वर्ग के लोगों को हेरोइन सप्लाई करते थे। यह कार्रवाई एंटी-नारकोटिक्स सेल ने इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में की, जिसकी निगरानी एसीपी सुभाष मलिक ने की। पूरी कार्रवाई डीसीपी कुशल पाल सिंह और एडिशनल डीसीपी निहारिका भट्ट के निर्देश पर की गई।

इस मामले में उत्तम नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत एफआईआर (संख्या 169/2026) दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। वहीं, एक अन्य मामले में पूर्वी दिल्ली की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड (ANS) ने गांजा सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा, नकदी और पैकिंग का सामान बरामद किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि नदीम और मोनू उर्फ अभिषेक नाम के दो लोग शशि गार्डन के जवाहर मोहल्ला स्थित एक घर में बड़ी मात्रा में गांजा जमा कर उसे आगे सप्लाई करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।