Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

J&K: गुलमर्ग गोंडोला में तकनीकी खराबी, कई पर्यटक फंसे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को गोंडोला केबल कार सेवा में तकनीकी खराबी आने से कई पर्यटक बीच रास्ते में फंस गए। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें मौके पर तैनात हैं और फंसे हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि गोंडोला की सभी केबिन सुरक्षित हैं और अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “गुलमर्ग गोंडोला में तकनीकी खराबी के कारण केबल कार सेवा अस्थायी रूप से रोकी गई है। सभी केबिन सुरक्षित हैं और प्रशिक्षित टीमें पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।”

वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय ने भी बताया कि प्रशासन लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहा है। उपराज्यपाल ने कहा, “मैं गुलमर्ग में तकनीकी खराबी के बाद केबल कार में फंसे पर्यटकों के रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहा हूं। डीजीपी को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, सेना, SDRF और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम सभी पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला रही है।” फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने पर्यटकों और उनके परिजनों से शांति बनाए रखने की अपील की है।