बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान को मुंबई पुलिस ने भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट है। इमरान खान हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसी मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए थे इमरान
जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में इमरान खान के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की धारा 29 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।
हिरासत में लिए जाने के बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह कथित तौर पर पुलिस वैन के अंदर बैठे दिखाई दे रहे थे। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, 'Apparently I'm going for a drive' यानी 'लगता है, मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।'
मीडिया से बातचीत में इमरान ने कहा कि वह मुंबई के नागरिक के तौर पर वहां पहुंचे थे और उनकी कोई विशेष मांग नहीं थी। उन्होंने सवाल उठाया कि लोगों की आवाज दबाने और उनकी आवाजाही की स्वतंत्रता पर रोक लगाने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
किरीट सोमैया ने की थी गिरफ्तारी और निर्वासन की मांग
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता किरीट सोमैया ने भी इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने अभिनेता पर ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) से जुड़े प्रावधानों और वीजा शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी और देश से निर्वासित करने की मांग की थी।
सोमैया ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस को प्रदर्शन के दौरान दिए गए इमरान के भाषणों और उनकी पुरानी टिप्पणियों से जुड़े सबूत सौंपे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी नागरिक और OCI कार्डधारक होने के बावजूद अभिनेता ने राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लेकर अपने दर्जे का कथित दुरुपयोग किया। सोमैया ने इमरान के हालिया बयानों और गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की।