Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

Gujarat: एमबीबीएस के छात्र की रैगिंग से मौत, 15 छात्रों पर केस दर्ज

गुजरात के पाटन जिले के एक मेडिकल कॉलेज में 18 साल के एक छात्र की कथित तौर पर रैगिंग के बाद मौत पर पुलिस ने 15 छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी के अनुसार, एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के आरोपित छात्रों ने पीड़ित सहित कुछ ‘जूनियर’ छात्रों को शनिवार रात तीन घंटे से ज्यादा वक्त तक छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर खड़ा रखा और उन्हें ‘मानसिक और शारीरिक यातना’ दी। प्राथमिकी में कहा गया है कि उन पर गैर इरादतन हत्या और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

पाटन के धारपुर के जीएमईआरएस (GMERS) मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि आरोपित छात्रों को अगले आदेश तक छात्रावास और शैक्षणिक गतिविधियों से निलंबित कर दिया गया है।  डॉ. शाह की अध्यक्षता में कॉलेज की रैगिंग विरोधी समिति ने प्रथम वर्ष के 11 और द्वितीय वर्ष के 15 समेत कुल 26 छात्रों के बयान लिए। 

कॉलेज के अतिरिक्त डीन डॉ. अनिल भठीजा की शिकायत के आधार पर, 15 छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या, गलत तरीके से बंधक बनाना, गैरकानूनी ढंग से जमा होना और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने ‘जूनियर’ छात्रों को करीब साढ़े तीन घंटे तक खड़ा रखा और उन्हें गाने और नाचने, अपशब्द बोलने और कमरे से बाहर न जाने के लिए मजबूर किया। 

प्राथमिकी के अनुसार, छात्रों को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण मेथानिया की तबीयत बिगड़ गई और वो आधी रात को बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।