Breaking News

PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |   अफगानिस्तान में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.3 रही तीव्रता     |   मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की क्षमता का बड़ा हिस्सा आज से नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट होगा     |   आंध्र प्रदेश में नई एक्साइज शॉप पॉलिसी आज से लागू, शराब दुकानों की व्यवस्था बदलेगी     |   यूपी में बिना PUC सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, NCR में प्रदूषण 35% घटाने का लक्ष्य     |  

उत्तराखंड सरकार की 10 वेबसाइटों पर साइबर अटैक, बैकअप से कुछ घंटों में बहाल हुईं सेवाएं

शनिवार को उत्तराखंड सरकार के 10 विभागों की वेबसाइट पर साइबर हमला हुआ। इनमें मुख्यमंत्री राहत कोष की वेबसाइट भी शामिल थी। हमले के बाद सुरक्षा के लिहाज से इन वेबसाइटों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। कई घंटों की कोशिश के बाद इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट एजेंसी (ITDA) ने बैकअप डेटा की मदद से सभी प्रभावित वेबसाइटों को दोबारा चालू कर दिया।

ITDA के निदेशक आलोक पांडे ने बताया कि कई सरकारी वेबसाइटों पर मैलवेयर अटैक हुआ था। हालांकि, स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया। हमले की जानकारी मिलते ही ITDA की साइबर सिक्योरिटी टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। एहतियात के तौर पर प्रभावित वेबसाइटों को ऑफलाइन कर दिया गया। साल 2024 के बड़े साइबर हमले के बाद राज्य डेटा सेंटर में सुरक्षित बैकअप रखा गया था। इसी वजह से कुछ घंटों की मेहनत के बाद वेबसाइटों को दोबारा बहाल कर दिया गया।

जिन विभागों की वेबसाइट प्रभावित हुईं, उनमें मुख्यमंत्री राहत कोष, लोक निर्माण विभाग (PWD), खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, उत्तराखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (UREDA), राज्य कर विभाग, ESIC, परिवहन विभाग और पर्यटन विभाग शामिल हैं। अक्टूबर 2024 में उत्तराखंड में बड़ा साइबर हमला हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन समेत करीब 90 सरकारी वेबसाइटें कई दिनों तक बंद हो गई थीं। इसके बाद ITDA ने लंबे प्रयासों के बाद इन वेबसाइटों को धीरे-धीरे बहाल किया था। अधिकारियों का मानना है कि 2024 के साइबर हमले के बाद साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की वजह से शनिवार का हमला ज्यादा बड़ा नुकसान नहीं कर सका।