Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल मालदा के लिए हुए रवाना, मुर्शिदाबाद का भी करेंगे दौरा

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस शुक्रवार को हिंसा प्रभावित मालदा के लिए रवाना हो गए, जहां वह घर छोड़कर भागे दंगा पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल से हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले का दौरा स्थगित करने के अनुरोध किया था, इसके बावजूद बोस रवाना हो गए हैं। शुक्रवार सुबह मालदा के लिए रवाना होते समय बोस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं हिंसा प्रभावित क्षेत्र में जा रहा हूं।’’ 

मालदा के लिए ट्रेन से गए बोस ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘मैं पीड़ितों से मिलने और प्रभावित क्षेत्र से प्राप्त सूचनाओं की पुष्टि करने के लिए वहां जा रहा हूं। मैं अस्पतालों, पीड़ितों के आवासों और राहत शिविरों में जाऊंगा। केंद्रीय बल और राज्य पुलिस भी साथ में हैं और स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी। मैं पीड़ितों से मिलने वहां जा रहा हूं, जिसके बाद मैं अपनी सिफारिशें भेजूंगा।’’ 

बोस ने यह भी कहा कि वह मालदा के बाद मुर्शिदाबाद का दौरा करेंगे। मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज, सुती, धुलियान और जंगीपुर इलाकों में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ 11 और 12 अप्रैल को हुए प्रदर्शनों के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी। जान जाने के डर से कई लोग पड़ोसी जिले मालदा की तरफ भाग कर आ गए और वहां शरण ली हुई है। 

जिले के दंगा प्रभावित इलाकों में राज्य पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है, जहां से अब तक 274 लोगों को तोड़फोड़ और दंगे में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया है।