Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

Jharkhand: पार्टी नेता की हत्या के विरोध में रांची में बीजेपी ने बुलाया नौ घंटे का बंद, कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

झारखंड की राजधानी रांची में बीजेपी, आजसू पार्टी और दूसरे संगठनों के समर्थक गुरुवार सुबह सड़कों पर उतर आए और बीजेपी नेता की हत्या के विरोध में राजधानी में नौ घंटे के बंद का आह्वान किया। बीजेपी के रांची ग्रामीण जिला महासचिव अनिल महतो टाइगर की बुधवार को दिनदहाड़े रांची में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वो पूर्व जिला परिषद सदस्य भी थे। हाथ में पार्टी का झंडा थामे कार्यकर्ता सुबह से ही रांची के हरमू, धुर्वा और पिस्का मोड़ समेत अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन करते दिखे। 

पार्टी प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा, "हमने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और अनिल महतो टाइगर की हत्या के विरोध में शाम पांच बजे तक नौ घंटे के बंद का आह्वान किया है।" झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा, केंद्रीय सरना समिति और कुछ और संगठनों ने भी बंद को समर्थन दिया है। बंद के मद्देनजर गुरुवार को शहर के ज्यादातर स्कूल बंद रहे। सुबह के समय सड़कों पर चलने वाले वाहनों की संख्या भी बाकी दिनों की तुलना में कम थी।

रांची प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद का पालन करने की अपील की है। इस बीच, झारखंड बीजेपी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने 'एक्स' पर पोस्ट में दावा किया कि पुलिस ने उन्हें बिना कोई कारण बताए उनके आवास से हिरासत में ले लिया। बीजेपी ने ये भी दावा किया कि सुबह रांची में कई बीजेपी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया।