Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

भीषण गर्मी के बीच हिमाचल में बदला मौसम, तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई जिलों में मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पिछले 24 घंटों में कुछ जिलों के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह से पूरे प्रदेश में बादल छाए हुए हैं और चंबा, कांगड़ा तथा कुल्लू के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

शर्मा ने कहा, “पिछले 24 घंटों में कुछ जिलों में तापमान में 6-8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आया है और इसका प्रभाव कल तक बना रहेगा।”  वहीं देश के कई राज्यों में जारी लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लिए अगले कुछ दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

IMD के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश, विदर्भ क्षेत्र और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के लिए अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 5 से 7 दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 3 से 4 दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले 6 से 7 दिनों तक तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।