Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO बने Air Marshal Jeetendra Mishra, ऑपरेशन सिंदूर में निभाई थी अहम भूमिका

रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज हुई बैठक में चर्चा के बाद जीतेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त करने का फैसला लिया गया।

कृष्ण मोहन ने एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा के ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "चर्चा के बाद यह तय किया गया कि रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा ट्रस्ट के CEO होंगे। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वायुसेना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और वह उस ऑपरेशन के दौरान कमांडर-इन-चीफ थे।"

राम जन्मभूमि मंदिर के पहले CEO के चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने मंगलवार को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप दी थी। प्रतिष्ठित पद के लिए 5,000 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। इसके बाद उम्मीदवारों की विस्तृत स्क्रीनिंग प्रक्रिया के जरिए चयन किया गया। रिपोर्ट सौंपे जाने के दौरान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज, महंत दिनेंद्र दास, कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन और अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी समेत ट्रस्ट के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

तीन सदस्यीय सर्च कमेटी में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी, पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हावरे और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली शामिल थे। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने पहले कहा था कि सर्च कमेटी की रिपोर्ट पर बुधवार को विचार किया जाएगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति भी की। कृष्ण मोहन के अनुसार, दिल्ली के महेश भगचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव ट्रस्ट के नए ट्रस्टी होंगे।