Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

UP: मुजफ्फरनगर मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी अमजद ढेर

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थानाक्षेत्र में गुरुवार सुबह हत्या और लूट के 40 मामलों में शामिल 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय वर्माने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान जिले के शाहपुर थानाक्षेत्र के हरखौली गांव के निवासी अमजद (36) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, अमजद के अपने साथियों के साथ क्षेत्र में होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बुढ़ाना थानाक्षेत्र के एक जंगल में घेराबंदी की और इसी दौरान पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अमजद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उप-निरीक्षक (एसआई) संदीप चौधरी और कांस्टेबल अशफाक समेत दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

संजय वर्मा के मुताबिक, अमजद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढ़ाना में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि अमजद हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में लूट और हत्या के 40 मामलों में शामिल था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल बरामद की।