Breaking News

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से कमर्शियल उड़ानें शुरू होंगी, मंजूरी मिली     |   पंजाब विधानसभा स्पीकर ने CM मान का डोप टेस्ट कराने की कांग्रेस की मांग खारिज की     |   जाब CM भगवंत मान ने कर्मचारियों के मिनिमम वेज में 15 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया     |   पंजाब: ‘कांग्रेस वॉकआउट के बहाने ढूंढ रही’, लेबर डे पर विधानसभा में बोले CM मान     |   भारत का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो बैरियर सिस्टम गुजरात में चोर्यासी टोल पर लॉन्च     |  

सोनू सूद ने अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच दुबई में फंसे यात्रियों को मुफ्त रहने की सुविधा दी

अभिनेता सोनू सूद ने अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में उड़ानें बाधित होने से दुबई में फंसे यात्रियों के लिए मुफ्त आश्रय की घोषणा की।
सोनू सूद ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीयता से परे बेघर हुए लोगों को आश्रय देने की पेशकश की। उन्होंने कहा, “युद्ध के कारण कई यात्री दुबई में फंस गए हैं। अगर आप या आपका कोई परिचित बेघर है, तो हम मुफ्त में सुरक्षित आश्रय प्रदान कर रहे हैं। देश कोई भी हो, किसी प्रकार की कोई शर्त नहीं। सिर्फ और सिर्फ मानवता के लिए। अगर आपको मदद की जरूरत है तो हमें इंस्टाग्राम पर संदेश भेजें।”

सूद ने वीडियो में कहा, “मौजूदा संकट के कारण दुबई में फंसे सभी लोगों को हम बताना चाहते हैं कि आपके रहने की व्यवस्था है। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि आपको मुफ्त आश्रय मिले।” उन्होंने खास तौर पर भारतीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा, “जो लोग भी हमारे हिंदुस्तानी हैं, या किसी भी देश के लोग दुबई में फंस गए हैं, कृपया मुझे इंस्टाग्राम पर संदेश भेजिए।”

अभिनेता ने कहा कि यात्रियों के घर लौटने तक रियल एस्टेट कंपनी ‘दुगास्ता प्रॉपर्टीज’ के माध्यम से मुफ्त आवास की व्यवस्था की जाएगी। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में व्यापक रूप से उड़ानों के रद्द होने के बीच सूद ने यह पोस्ट किया।
फंसे हुए लोगों में अभिनेत्रियां सोनल चौहान और ईशा गुप्ता भी थीं, जो बाद में सुरक्षित घर लौट आईं।

यह पहला मौका नहीं है जब सूद ने इस तरह की कोई पहल की है। सूद (52) को कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान देश भर में फंसे हजारों प्रवासी श्रमिकों के घर भेजने के उद्देश्य से परिवहन की व्यवस्था करने के कार्यों के लिए सराहा गया था। पंजाब में 2025 में आई बाढ़ के दौरान भी सूद ने राहत कार्यों में अपना योगदान दिया था।