Breaking News

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने पद से दिया इस्तीफा     |   यूपी सरकार का फैसला, NCR के जिलों में 1 अक्टूबर से बिना PUC नहीं मिलेगा ईंधन     |   बंगाल: अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची ED की टीम     |   ममता बनर्जी को झटका, बंगाल में ऋतब्रत होंगे विपक्ष के नेता     |   हर अच्छे काम में अड़ंगा लगाना समाजवादी पार्टी की पुरानी आदत: ओपी राजभर     |  

25 साल पूरे होने पर फिर सिनेमाघरों में लौटेगी आमिर खान की 'Lagaan'

बॉलीवुड की चर्चित फिल्म 'लगान' अपनी रिलीज के 25 साल पूरे होने के मौके पर एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने जा रही है। आमिर खान प्रोडक्शंस ने घोषणा की है कि फिल्म को 12, 13 और 14 जून को देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज किया जाएगा। इस जानकारी को आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। पोस्ट में लिखा गया, "एक ऐसी कालजयी फिल्म जिसने हर दिल को छुआ। 'लगान' की 25वीं वर्षगांठ पर यह शानदार कहानी फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है। 12, 13 और 14 जून को सिनेमाघरों में इसका जादू फिर से महसूस कीजिए।"

फिल्म की री-रिलीज से पहले निर्माताओं ने इसका ट्रेलर भी जारी किया, जिसे देखकर दर्शक पुरानी यादों में खो गए। सोशल मीडिया पर फैंस ने फिल्म को लेकर उत्साह जताया। एक यूजर ने लिखा, "बेहतरीन फिल्म... इसे फिर से थिएटर में देखने का इंतजार नहीं कर सकता।" वहीं दूसरे ने इसे "गोल्ड" बताया। 'लगान' की कहानी वर्ष 1893 के ब्रिटिश शासनकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में मध्य भारत के एक गांव के लोगों की कहानी दिखाई गई है, जो भारी लगान (कर) और सूखे की मार झेल रहे होते हैं। तभी एक ब्रिटिश अधिकारी उन्हें क्रिकेट मैच की चुनौती देता है। शर्त यह होती है कि यदि गांव वाले मैच जीत जाते हैं तो उन्हें लगान नहीं देना होगा।

क्रिकेट से अनजान ग्रामीणों के लिए यह चुनौती बेहद कठिन होती है, लेकिन वे एकजुट होकर मुकाबला करते हैं। फिल्म में संघर्ष, प्रेम, दोस्ती, साहस और जीत की प्रेरणादायक कहानी दिखाई गई है। आमिर खान अभिनीत और आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित 'लगान' को भारत और विदेशों में खूब सराहना मिली थी। फिल्म कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित हुई और अनेक पुरस्कार जीते। 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 'लगान' ने आठ पुरस्कार अपने नाम किए थे, जिनमें सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार भी शामिल था। 25 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही 'लगान' दर्शकों को उस दौर की यादें ताजा करने का मौका देगी।