Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

उत्तर प्रदेश: सीतापुर में पत्रकार की गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला मुख्यालय के इमलिया सुलतानपुर थाना इलाके में शनिवार की दोपहर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार ये घटना शनिवार दोपहर सीतापुर-दिल्ली राजमार्ग थाना इमलिया सुलतानपुर में हुई। एक प्रमुख हिंदी दैनिक समाचार पत्र में कार्यरत पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई (35) क्षेत्रीय संवाददाता के रूप में काम करते थे।

पुलिस के अनुसार लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेमपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने राघवेंद्र पर गोलियां चलाई। उनके कंधे और सीने में तीन गोलियां लगीं। इस वारदात को अंजाम देकर हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस पत्रकार को अस्पताल ले गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें फोन पर धमकी दी गई थी और आज उनकी हत्या कर दी गई। सीतापुर के एएसपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए सीमाएं सील कर दी गई हैं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है। कॉल डिटेल और अन्य कानूनी कार्रवाई चल रही है। एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।