Breaking News

राज्यसभा चुनाव: सपा उम्मीदवार रामगोपाल यादव, धनराज परिमल ने नामांकन किया     |   कर्नाटक: विजयपुरा में आया भूकंप, 3.5 रही तीव्रता     |   Asian Games: भारत को एक और गोल्ड, कंपाउंड मिक्स्ड टीम के निशानेबाजों ने साउथ कोरिया को हराया     |   एशियन गेम्स: महिला तीरंदाज टीम ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता     |   AI दिग्गजों से मिले ट्रंप, बैठक को बताया दोस्ताना और सफल     |  

दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, दुनिया को संदेश जाएगा, दिल्ली विस्फोट पर बोले अमित शाह

Delhi Blast: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में हुए विस्फोट के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी जिससे दुनिया को ये संदेश जाएगा कि किसी को भी फिर कभी इस तरह के हमले के बारे में सोचने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए। शाह गुजरात के मेहसाणा जिले के बोरियावी गांव में श्री मोतीभाई आर चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट के उद्घाटन सत्र को वीडियो कांफ्रेंस से संबोधित कर रहे थे।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में उनके हवाले से कहा गया, ‘‘इस कायरतापूर्ण कृत्य को अंजाम देने वाले और इसके पीछे जो लोग हैं, उन सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। भारत सरकार और गृह मंत्रालय इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।’’ उन्होंने विस्फोट के पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

पत्र सूचना ब्यूरो (पीआईबी)की विज्ञप्ति के अनुसार, शाह ने कहा, ‘‘इस आतंकवादी कृत्य के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को कड़ी सजा दिलाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली आतंकवादी हमले के दोषियों को दी जाने वाली सजा से दुनिया को ये संदेश जाएगा कि हमारे देश में इस तरह के हमले के बारे में सोचने की भी किसी को हिम्मत नहीं करनी चाहिए।’’

शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को पूरी दुनिया ने मान्यता दी है और प्रधानमंत्री वैश्विक स्तर पर इस लड़ाई का नेतृत्व करने में सबसे आगे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के नजदीक सोमवार को एक कार में हुए उच्च तीव्रता के धमाके में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई थी।