Breaking News

दिल्ली हाई कोर्ट ने थप्पड़ कांड मामले में प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी किया     |   CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन     |   CEC ज्ञानेश कुमार समेत 3 चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को SC में दी गई चुनौती     |   झारखंड HC ने JPSC, JSSC-CGL की परीक्षाएं रद्द मामले में फैसला सुरक्षित रखा     |   कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक को पीटा, BJP का कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप     |  

देहरादून में कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी, सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

Uttarakhand: देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह कथित तौर पर रास्ता देने को लेकर दो कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सेना के एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार घटना मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सुबह उस समय हुई जब दिल्ली पंजीकरण नंबर वाली एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे आ रही एक स्कॉर्पियो एन में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया।

पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसके टायर पर गोलियां चलाईं जो सुबह की सैर पर निकले सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (74) को लग गईं। उसने बताया कि जोशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस के मुताबिक, टायर पर गोली लगने से फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

उसने बताया कि इस घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और अस्पताल जाकर पीड़ितों से जानकारी ली।

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।