Breaking News

'सीटों से ज्यादा गठबंधन जरूरी', सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान     |   उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की स्क्रीनिंग परीक्षा जारी     |   इंडोनेशिया में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.2 रही तीव्रता; 10 किमी गहराई में था केंद्र     |   आज से शुरू होगा विश्व अंतरिक्ष सप्ताह, 10 अक्टूबर तक होंगे स्पेस से जुड़े कार्यक्रम     |   मुंबई में उद्धव-राज ठाकरे के संयुक्त मार्च में कांग्रेस और NCP (SP) भी शामिल होगी     |  

शराब घोटाला: कोर्ट ने केजरीवाल की अर्जी पर तिहाड़ जेल प्रशासन से मांगा जवाब

दिल्ली की कोर्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उस अर्जी पर तिहाड़ जेल प्रशासन से जवाब मांगा, जिसमें उनकी हेल्थ कंडीशन और इलाज का निर्धारण करने के लिए गठित मेडिकल बोर्ड में उनकी पत्नी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये शामिल होने देने की अनुमति देने का आग्रह किया गया है।

एडिशनल सेशन जज मुकेश कुमार ने संबद्ध अधिकारियों को इस मामले में अपना जवाब शनिवार तक दाखिल करने का निर्देश दिया।

कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल तिहाड़ जेल में हैं। इस बीच, कोर्ट ने मामले में मुख्यमंत्री केजरीवाल की जमानत अर्जी पर सुनवाई शुक्रवार को 19 जून के लिए तय की है। विषय में जवाब दाखिल करने के लिए प्रवर्तन ईडी के समय मांगने के बाद कार्यवाही स्थगित कर दी गई। 

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एक नई अर्जी दायर कर अपनी पत्नी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मेडिकल बोर्ड में शामिल होने की अनुमति देने का आग्रह किया है। 

जज ने कहा, ‘‘आरोपित ने अपनी पत्नी को मेडिकल बोर्ड में शामिल होने की अनुमति देने के लिए निर्देश देने का आग्रेह करते हुए अर्जी दायर की है। कोई भी आदेश पारित करने से पहले, मैं संबंधित जेल अधीक्षक से जवाब मांगना जरूरी समझता हूं। अर्जी को कल के लिए रखा जाए।’’ 

कार्यवाही के दौरान, ईडी ने जमानत अर्जी का जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा और सुनवाई 25 जून तक स्थगित करने की अपील की। 

हालांकि, कोर्ट ने कहा कि वह आरोपित की सुविधा के मुताबिक अगली सुनवाई की तारीख तय करेंगे न कि जांच एजेंसी की सुविधा के हिसाब से। जज ने कहा, ''आरोपित न्यायिक हिरासत में है न कि ईडी की हिरासत में। अगर वह कुछ सुवि‍धा चाहते हैं तो आपका इससे कोई लेना-देना नहीं है। आपको कोई भूमिका नहीं निभानी है। वह न्यायिक हिरासत में हैं। मैं उनकी सुविधा पर विचार करूंगा न कि आपकी।''

कोर्ट ने पांच जून को इस मामले में मेडिकल ग्राउंड पर अंतरिम जमानत की केजरीवाल की अर्जी खारिज कर दी थी।