Breaking News

राज्यसभा चुनाव: सपा उम्मीदवार रामगोपाल यादव, धनराज परिमल ने नामांकन किया     |   कर्नाटक: विजयपुरा में आया भूकंप, 3.5 रही तीव्रता     |   Asian Games: भारत को एक और गोल्ड, कंपाउंड मिक्स्ड टीम के निशानेबाजों ने साउथ कोरिया को हराया     |   एशियन गेम्स: महिला तीरंदाज टीम ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता     |   AI दिग्गजों से मिले ट्रंप, बैठक को बताया दोस्ताना और सफल     |  

Uttarakhand: नैनीताल में कार खाई में गिरी, उत्तर प्रदेश की तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत

Uttarakhand: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को एक कार के खाई में गिरने से वाहन में सवार तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गयी और आधा दर्जन अन्य लोग घायल हो गए। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने यह जानकारी दी। एसडीआरएफ ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं उत्तर प्रदेश की थीं।

एजेंसी ने बताया कि दुर्घटना भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भवाली के पास उस समय हुई, जब एक ‘स्कार्पियो’ कार में सवार श्रद्धालु बरेली से कैंचीधाम आश्रम की ओर जा रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न करीब पौने दस बजे दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया गया।

एसडीआरएफ के अनुसार, दुर्घटना में तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गयी जबकि छह अन्य श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसडीआरएफ ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान बरेली निवासी गंगा देवी (56), बृजेश कुमारी (26) और नैनस्ती गंगवार (24) के रूप में हुई है। 

जानकारी के मुताबिक, बृजेश कुमारी के पति राहुल पटेल (35), सात वर्षीय पुत्र ऋषि पटेल, गंगा देवी की बेटी स्वाति (20) हादसे में घायल हुए हैं। एसडीआरएफ ने बताया कि इनके अलावा अक्षय सिंह (20), ज्योति (25) और करन (25) भी हादसे में घायल हुए हैं।