Breaking News

क्रिकेटर तिलक वर्मा ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की     |   चेन्नई: थर्मल पावर स्टेशन में बड़ा हादसा, 9 ने गंवाई जान, कई जख्मी     |   चेन्नई थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 9 लोगों की मौत     |   यूक्रेन युद्ध खत्म न होने की वजह से पुतिन से बहुत निराश हूं- डोनाल्ड ट्रंप का बयान     |   दिल्ली: सीआर पार्क के काली मंदिर पहुंचे पीएम मोदी, दुर्गा पूजा में हुए शामिल     |  

वर्ष 2023 में पूर्वोत्तर में सबसे अधिक हिंसक अपराध और दंगे मणिपुर में हुए: एनसीआरबी आंकड़ा

इंफाल, 30 सितंबर (भाषा) वर्ष 2023 में पूर्वोत्तर में सबसे अधिक हिंसक अपराध और दंगे के मामले मणिपुर में दर्ज किए गए। यह जानकारी राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट से मिली।

एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार मणिपुर में मई 2023 से इंफाल घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी कुकी के बीच जातीय संघर्ष देखा गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि मणिपुर में उस वर्ष भारत में अनुसूचित जनजातियों के खिलाफ अपराध/अत्याचार की सबसे अधिक संख्या भी दर्ज की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, मणिपुर में 2023 में 14,427 हिंसक अपराध दर्ज किए गए, जबकि 2022 में यह संख्या 631 और 2021 में 545 थी।

पूर्वोत्तर में मणिपुर के बाद असम दूसरे स्थान पर रहा, जहां 2023 में ऐसी 11,552 घटनाएं दर्ज की गईं।

मणिपुर में 2023 में अनुसूचित जनजातियों के विरुद्ध कुल 3,339 अपराध/अत्याचार के मामले दर्ज किए गए, जबकि 2022 में यह संख्या एक और 2021 में शून्य थी।

पूर्वोत्तर में दंगों और आगजनी के सबसे अधिक मामले मणिपुर में क्रमशः 5,421 और 6,203 दर्ज किए गए। वहीं उस वर्ष लूट के 330 और डकैती के 1,213 मामले भी दर्ज किए गए।

रिपोर्ट के अनुसार, मणिपुर में 2023 में हत्या के 151 मामले और उसी वर्ष हत्या के प्रयास के 818 मामले भी दर्ज किए गए। वहीं अपहरण के कुल 89 मामले और बलात्कार के 27 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2023 में महिलाओं के खिलाफ कुल 201 अपराध दर्ज किए गए, जबकि 2022 में यह 248 और 2021 में 302 अपराध दर्ज किए गए थे।

मई 2023 से मणिपुर में कुकी और मेइती के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं।

भाषा अमित संतोष

संतोष