(तस्वीरों सहित)
नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को भारी बारिश के बाद यातायात बाधित हो गया, अंडरपास में पानी भर गया और प्रमुख मार्गों पर हजारों यात्री फंस गए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है जिसके तहत मध्यम से भारी बारिश होने, बिजली चमकने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने सामान्य समय से एक दिन पहले ही 24 सितंबर को दिल्ली से आधिकारिक रूप से विदा हो गया था और इसकी विदाई के एक सप्ताह के अंदर फिर से बारिश हो गई।
राष्ट्रीय राजधानी में 2002 के बाद से इस बार सबसे जल्दी मानसून लौटा है। उस साल 20 सितंबर को मानसून विदा हो गया था।
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से उमस भरी स्थिति के बाद बारिश हो जाने से काफी हद तक राहत मिली लेकिन इस बीच यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ गई।
वाहनों की गति धीमी पड़ गई और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम की ओर एनएच-48 पर रेडिसन होटल फ्लाईओवर पर 25 मिनट तक यातायात बाधित रहा जबकि जामिया मिलिया इस्लामिया के पास तिकोना पार्क के समीप वाहन बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़े।
पीतमपुरा में नेताजी सुभाष प्लेस, महात्मा गांधी रोड, लाजपत नगर में कैप्टन गौड़ मार्ग और आउटर रिंग रोड के कुछ हिस्सों से भी यातायात बाधित होने की खबरें आईं।
अधिकारियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष को जलभराव के संबंध में मंगलवार को लगभग 20 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें राजा गार्डन चौक, शाहदरा, वज़ीराबाद पुल, ए-ब्लॉक हरि नगर आदि इलाके शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर एक यात्री ने पोस्ट किया, ‘‘मथुरा रोड, ओल्ड रोहतक रोड, आईटीओ के कुछ हिस्सों और महात्मा गांधी रोड से जीटी करनाल रोड तक यातायात बाधित रहा।’’
मूसलाधार बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें भी जलमग्न हो गईं और एक वीडियो में देखा गया कि महरौली-बदरपुर रोड में जलमग्न सड़कों पर घुटनों तक पानी के बीच वाहन चल रहे हैं।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली में जखीरा अंडरपास और यमुना विहार के ब्लॉक सी9 में भी जलभराव की खबर है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श में कहा है कि शास्त्री नगर और केडी चौक से आने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर उन्हें चौधरी नाहर सिंह मार्ग की ओर मोड़ दिया गया जबकि चौधरी नाहर सिंह मार्ग से आने वाले वाहनों को केडी चौक की ओर मोड़ दिया गया। इंद्रलोक चौक के पास भी मार्ग परिवर्तन किया गया है।
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि रविवार को यह 38.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। रविवार पिछले दो वर्ष में सितंबर का सबसे गर्म दिन था।
इससे पहले पांच सितंबर 2023 को पारा 38.6 डिग्री तक पहुंच गया था।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है।
सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 74 प्रतिशत रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 114 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई 'अच्छा' माना जाता है, 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' माना जाता है।
भाषा
यासिर जोहेब
जोहेब
जोहेब