Breaking News

योगी आदित्यनाथ कर्तव्य भवन पहुंचे, गृहमंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात     |   बांकीपुर से वीणा मानवी का नामांकन रद्द     |   जेल में बंद आसाराम ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट से फिर लगाई गुहार     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   J-K के सांबा जिले में ड्रोन मार गिराया गया     |  

कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप समर्थित डी ला एस्प्रिएला विजयी, अगस्त में संभालेंगे पद

बोगोटा, 25 जून (एपी) कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के लिए हुए दूसरे चरण के चुनाव (रन ऑफ) में एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला को विजेता घोषित किया गया है। वह देश के अगले राष्ट्रपति होंगे।

कपड़ों, वाइन और रम के कारोबार तथा एक रेस्तरां समेत कई व्यावसायिक उपक्रमों से जुड़े कारोबारी डी ला एस्प्रिएला (47) ने इससे पहले कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा था, फिर भी उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल हुआ।

उन्होंने सांसद इवान सेपेदा को एक प्रतिशत अंक, यानी 2.51 लाख से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया।

इस राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में 2.60 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

चुनाव परिणाम को व्यापक रूप से निवर्तमान राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो की सरकार के खिलाफ जनादेश माना जा रहा है। सेपेदा ने सत्ता में आने पर पेट्रो की नीतियों को आगे बढ़ाने का वादा किया था। इनमें विभिन्न सशस्त्र समूहों के साथ शांति वार्ता शुरू करने की वह पहल भी शामिल थी, जिसे व्यापक रूप से विफल माना गया।

चुनावी अधिकारियों ने रविवार को मतदान समाप्त होने के कुछ घंटों बाद ही मतगणना के लगभग सभी आंकड़े जारी कर दिए। हालांकि, पेट्रो और सेपेदा ने इन नतीजों को स्वीकार नहीं किया। सेपेदा ने कहा था कि वह पुनर्मतगणना के परिणाम का इंतजार करेंगे।

अधिकारियों ने पुनर्मतगणना का काम पूरा होने के बाद ही डी ला एस्प्रिएला की जीत की औपचारिक घोषणा की।

डी ला एस्प्रिएला सात अगस्त से पदभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल चार साल का होगा।

बुधवार को जारी एक बयान में उनके चुनाव अभियान दल ने कहा कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति का “उद्देश्य देश की एकता के लिए, जनता के साथ और जनता के लिए काम करना है।”

एक दिन पहले डी ला एस्प्रिएला ने घोषणा की थी कि वह अपनी मंत्रिपरिषद का गठन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह कोलंबिया को ट्रंप द्वारा प्रस्तावित “शील्ड ऑफ द अमेरिका” में शामिल करने की योजना बना रहे हैं जो लातिन अमेरिका में आपराधिक गिरोहों पर नकेल कसने के उद्देश्य से गठित देशों का एक गठबंधन है।

एपी

खारी वैभव

वैभव